आजमगढ़ : महिलाओं व छात्राओं को आत्मरक्षार्थ किया गया जागरूक
# एंटी रोमियो स्क्वाड ने सार्वजनिक स्थलों पर चलाया चेकिंग अभियान
पवई।
अनूप जायसवाल
तहलका 24×7
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी रोमियो स्क्वायड ने बाजार समेत सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया। महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और मनचले तत्वों को सुधरने की चेतावनी दी।मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को एंटी रोमियो स्क्वाड ने पवई बाजार, मिल्कीपुर, शाह मरदानपुर स्थित श्री कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर, मंदिरों व भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया।

स्क्वायड सदस्यों ने बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सलाह देकर उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। बालिकाओं को यूपी पुलिस द्वारा चलाई जा रही सुरक्षा संबंधित सेवाएं जैसे विमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और पुलिस अधिकारियों के सीयूजी नंबर के बारे में जानकारी दी। कभी आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाने की एंटी रोमियो टीम या उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित महिलाओं, छात्राओं के लिए जारी किए गए नंबरों पर बेझिझक कॉल करने को प्रेरित किया गया। स्क्वायड द्वारा किशोरी, युवती और महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया गया तो वहीं क्षेत्र में बेवजह घूम रहे युवको, शोहदो और मनचलों से पूछताछ कर उन्हें सख्त चेतावनी दी। टीम में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक रामकिशोर शर्मा, कांस्टेबल राहुल पाल, महिला कांस्टेबल विनीता मणि त्रिपाठी मौजूद रहे।