जौनपुर : सपा के पल-पल बदलते उम्मीदवारों के कारण कार्यकर्ताओं में रोष
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
नगर निकाय चुनाव के लिए काफी माथापच्ची के बाद समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा रविवार दोपहर से लेकर शाम तक किया। रविवार की शाम समाजवादी पार्टी ने अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की सूची जारी किया तो लोग परेशान हो गए। जारी सूची में दोपहर तक जिन प्रत्याशियों के नाम थे शाम की सूची में प्रत्याशियों के नाम गायब कर नए नामों की घोषणा कर दी गई जिस कारण प्रत्याशी व उनके समर्थको रोष बढ़ता जा रहा है।

नगर निकाय चुनाव के नामाकंन पत्र दाखिल के लिए 17 अप्रैल को आखिरी तारीख है। एक दिन पूर्व सपा ने तीन नगर पालिका परिषद और नौ नगर पंचायत के चेयर मैन के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी किया है। सबसे पहले पार्टी हाई कमान ने जौनपुर नगर पालिका परिषद के लिए मालती मौर्या के नाम पर मुहर लगाई थी लेकिन भाजपा की सूची जारी होते ही सपा ने मालती मौर्य के स्थान पर उषा जायसवाल को टिकट दे दिया। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की सूची जारी हुई इस सूची में भी खेल हो गया।

मछलीशहर नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए महमूद को प्रत्याशी बनाया गया था लेकिन कुछ ही देर बाद दूसरी लिस्ट जारी हुआ जिसमें महमुद का नाम काटकर जियाउद्दीन को प्रत्याशी बना दिया गया। लेकिन सदस्यता संख्या व मोबाइल नम्बर में कोई परिवर्तन नही किया गया। इसी बीच केराकत का भी प्रत्याशी बदले जाने की घोषणा हो गयी। यहां पर पहले ज्योति जायसवाल को चेयर मैन का प्रत्याशी घोषित किया गया था लेकिन लिस्ट जारी होने के एक घंटे बाद ही उम्मीदवार बदल दिया गया।

यहां पर ज्योति जायसवाल के स्थान पर मीरा साहू प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। लगातार नामों में हो रहे परिवर्तन के कारण समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी रोष देखा जा रहा है। हालांकि लिस्ट जारी होने से पहले समाजवादी पार्टी की महिला शाखा की राष्ट्रीय महासचिव डॉ चित्रलेखा सिंह ने भी पार्टी की इन्हीं नीतियों से नाराज होकर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है।

चित्रलेखा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान खुलासा किया कि समाजवादी पार्टी सिर्फ अपना हित साधने का काम कर रही है उन्हें जनता की हित से कोई मतलब नहीं है सिर्फ समाजवादी समाजवाद दिखाने का काम करते हैं आम आदमी पार्टी का दामन थामते ही पार्टी ने उन्हें तुरंत नगर पालिका परिषद जौनपुर का उम्मीदवार भी घोषित कर दिया है ऐसे में समाजवादी पार्टी द्वारा लगातार प्रत्याशियों के फेरबदल और अपने तमाम कार्यकर्ताओं को नाराज करने के कारण चुनाव में उन्हें इसका अंजाम भी भुगतना पड़ सकता है। ऐसे में साइकिल पर सवार होकर किन-किन नगर पंचायतों और नगर पालिका परिषद हो के अध्यक्ष कुर्सी पर विराजमान हो पाएंगे यह आने वाला चुनाव ही तय कर पाएगा।