दो माह से जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे दर्जनों ग्रामवासी
# सोंधी ब्लॉक में 55 गांव के लोग काट रहे है चक्कर, बीडीओ के पत्राचार के बाद भी नहीं हुआ समाधान
खेतासराय, जौनपुर।
अजीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
विकास खण्ड शाहगंज सोंधी के लगभग 55 गांव का यूजर आईडी दो महीने से लॉक होने से ऑनलाइन जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र नही बन पा रहा है। जिससे भारी संख्या में ग्रामीणों को अत्यधिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार पहले यूजर आईडी बनाने के लिए एडीएम राजस्व को नमित किया गया, लेकिन कई सप्ताह बीत जाने के बाद भी नही बना।

ग्रामीणों ने इस सम्बंध में ज्ञापन भी सौंपा। बावजूद इसके दो माह बीत जाने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। इस समस्या को देखते हुए बीडीओ जितेंद्र प्रताप सिंह ने कई बार उच्चाधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया। लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया।विदित हो कि गांव के पंचायत सचिव के स्थानांतरण के बाद से यूजर आईडी बंद हो गयी।

नये पंचायत सचिव के नाम से आईडी जनरेट होनी थी, जिसमें ग्राम सभा पाराकमाल, हाजी रफीपुर, अरंद, खुदौली, महरौडा, अतरौरा, बारा, गोधना, शाहापुर, तारगहना, लपरी, झांसेपुर, भुड़कुड़हां आदि गांव में यूजर आईडी बंद होने से समस्या बनी हुई है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण आएदिन ब्लॉक का चक्कर काट रहे हैं। किसान अपने सारे कामधाम छोड़कर इस समस्या को झेल रहे हैं। लेकिन उनकी कोई सुधि लेने वाला नहीं है।








