धोखाधड़ी के आरोपी चेयरमैन गिरफ्तार
# फर्जी कागजात तैयार करके ट्रेलर बेचने का है आरोप, हो रही पूछताछ
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
धोखाधड़ी और फर्जी तरीके से कागजात तैयार करके ट्रेलर बेचने के आरोप में मछलीशहर नगर पंचायत के चेयरमैन संजय जायसवाल को पुलिस ने मंगलवार की रात गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ छोटे भाई अनुराग जायसवाल की तहरीर पर गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में पूछताछ कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।

नगर के शादीगंज मोहल्ला निवासी चेयरमैन के छोटे भाई अनुराग जायसवाल ने संयुक्त गृह सचिव (पुलिस) को प्रार्थना पत्र दिया था कि उन्होंने अपने बड़े भाई नगर पंचायत अध्यक्ष संजय जायसवाल एसकेपी रोड लाइंस ट्रांसपोर्ट कंपनी मछलीशहर में अपनी 13 ट्रेलर लगवाया था। लेकिन उन्होंने छल पूर्वक बेईमानी से लाभ लेने के उद्देश्य से सभी वाहन अपने कब्जे में ले लिया। उसके बाद बिना अनुमति के और बिना बैंक की एनओसी जारी किए फर्जी और कूटरचित कागजात तैयार कर जालसाजी पूर्वक वाहन बेच दिया।

शिकायत के बाद संयुक्त गृह सचिव (पुलिस) ने मामले की जांच सीओ को दी। जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने 11 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में क जुट गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद चेयरमैन ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट से स्थगन आदेश लिया था। स्थगन आदेश बढ़ाने के लिए मंगलवार को हाईकोर्ट गए थे। लेकिन स्थगन आदेश नहीं बढ़ा। वहां से लौटते समय कुंवरपुर टोल प्लाजा के पास पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। एसपी डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है।








