पत्नी ने ससुरालीजनों पर लगाया पति की हत्या का आरोप
# पुलिस ने अर्थी रोकवा कर भेजा पोस्टमार्टम
मऊ।
तहलका 24×7
जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव में पति की उपचार के दौरान मौत के मामले में पत्नी ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी है। पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने दाह संस्कार के लिए जा रही अर्थी को रुकवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।प्रियंका यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 24 नवंबर 2013 को उसकी शादी बड़ागांव निवासी चंद्र प्रकाश यादव से हुई थी। शादी के बाद उसकी तीन संतान पायल (11), रही (10) और काव्य (8) पैदा हुईं। इसको लेकर उसे ससुराल वाले आए दिन ताना मारते थे।

जिसके बाद परेशान होकर वह गाजीपुर अपने मायके चली गई। इसी बीच मामला दो साल पहले कोर्ट में चला गया। पत्नी ने बताया कि सोमवार को ससुराल वालों ने उसे बताया कि पति चंद्र प्रकाश यादव को हार्ट अटैक आया है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलने पर जब वह अस्पताल पहुंची तो बताया गया कि उसके पति की मौत हो गई है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि बिना जानकारी दिए ससुराल पक्ष उसके पति का दाह संस्कार करने जा रहे थे।

पत्नी ने इस मामले में सास, ससुर, जेठ और जेठानी पर पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराया। पीड़ित महिला ने कहा कि तीन बेटी पैदा होने से उससे और पति से ससुराल वाले नफरत करते थे। आरोप लगाया कि बेटियों को उनका हक ना मिले, इसी साजिश के तहत पति की हत्या कर दी गई। मामले को लेकर थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि महिला की तरफ से तहरीर मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।








