भूमि विवाद में हुए खूनी संघर्ष, 21 के खिलाफ केस दर्ज
# दोनों पक्षों से दस लोग घायल, एक महिला थी गंभीर
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
शेख असरफपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक पक्ष से चार महिलाओं सहित छह लोग तो दूसरे पक्ष से चार महिलाएं घायल हो गई। एक पक्ष की गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 12 आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला, आगजनी सहित विभिन्न धाराओं में और दूसरे पक्ष की तहरीर पर सात नामजद, दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया है।

गांव निवासी रामजीत राजभर प्रथम आरोप है कि गत 18 अक्टूबर की शाम उनका भांजा कार्तिक राजभर बाइक से घर आ रहा था। रंजिश को लेकर पड़ोसी प्रदीप राजभर उसे रास्ते में रोक धमकी देने लगे। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। कार्तिक बाइक लेकर घर आ गया। आरोप है कि इसके घंटे भर बाद अचानक प्रदीप परमिंदर, मुरली राजभर, बसंतलाल, इंद्रजीत, अजय, विरेन्द्र, प्रेमचंद, चंद्रभान, सरोज और ठाकुर राजभर लाठी डंडा और लोहे का राड लेकर उसके घर पहुंच गाली गलौज देने लगे।

मना करने पर रामजीत राजभर, विनोद, सरोजा देवी, काजल, अमरीता और इंद्रकला को पीटने लगे। सरोजा देवी के सिर में गंभीर चोट आने से वह बेहोश हो गई।
वहीं दूसरे पक्ष के मुरली राजभर का आरोप है कि घूर गड्ढे की भूमि को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो रही थी। तभी विपक्ष के विनोद राजभर, गुड्डू, बिंदे, उत्तम, कार्तिक, निर्मला और इंद्रकला देवी के अलावा दो अज्ञात लोगों ने गोलबंद होकर लाठी डंडा से हमला कर दिया। जिसमें सुधा देवी, कलावती, प्रेमा और मीरा देवी घायल हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से उन्नीस नामजद के अलावा दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।