मवेशी बांधने को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, आधा दर्जन घायल
# इलाज के दौरान किशोर की मौत, हमलावरों के घर बुलडोजर लेकर पहुंची पुलिस
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मनवल गांव में मंगलवार की शाम को मवेशी बांधने को लेकर हुए विवाद में चले धारदार हथियार से छह लोग जख्मी हो गए थे। जिसमें एक किशोर की हालत नाजुक होने पर ट्रामा सेंटर ले जाया गया था, जहां बृहस्पतिवार को मौत हो गई। वहीं अन्य पांच घायलों का उपचार चल रहा है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। उधर, पुलिस आरोपियों के यहां बृहस्पतिवार को दिन में बुलडोजर लेकर पहुंची। हालांकि पुलिस ने बुलडोजर केवल कचरा आदि हटवाने के लिए भेजने की बात कही।

मनवल गांव निवासी सभापति यादव की घर के पास एक जमीन है। आरोप है कि जमीन पर पड़ोसी अमरसेन यादव पक्ष से वर्षों पुराना विवाद चला आ रहा है। मंगलवार की शाम अमरसेन यादव पक्ष के लोग उस स्थान पर पशु बांधने लगे, जिसका सभापति पक्ष के लोग विरोध किया। जिससे नाराज अमरसेन पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार, लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जिसमें अग्निवेश यादव (25), आदित्य (17), अभिषेक यादव (28), राधिका देवी(50), अश्वनी यादव(20), सभापति (55) जख्मी हो गए। अग्निवेश व आदित्य को आंख, सिर, पेट, पीठ पर वार होने से गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार की दोपहर आदित्य यादव (17) वर्ष की मौत हो गई।

मौत की खबर से गांव के लोग आक्रोशित हो उठे और सड़क जाम करने की योजना बनाने लगे। भनक लगते पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। आनन-फानन में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। कहा कि अभिषेक की तहरीर पर आरोपी अमरसेन यादव, अवधेश यादव, रितेश यादव पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, दोपहर बाद ही इस घटना के आरोपियों के घर के बाहर बुलडोजर पहुंची। वहां कचरे, खुंटे आदि को हटाया गया। सीओ संत प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि जेसीबी की कार्रवाई विवादित चीजों को हटवाने में की गई।