समधी-समधन में हुआ प्यार, बच्चों की शादी से पहले दोनों हुए फरार
कासगंज।
तहलका 24×7. बेटे की शादी तय करने से पहले दूल्हे का पिता का दिल अपनी समधन यानी दुल्हन की मां पर आ गया। बातचीत के बाद समधी और समधन शादी से पहले घर से फरार हो गए। जिसके बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। दुल्हन के पिता ने समधी पर एफआईआर दर्ज करवाई है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।
जिले के गंज डुंडवारा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले पप्पू की बेटी की शादी शकील के बेटे से तय हुई थी। शकील का पप्पू के घर आना-जाना था। शादी की तय तारीख भी करीब आ रही थी, लेकिन इसी दौरान समधी ने कांड कर दिया, जिससे दोनों परिवार हैरान रह गए। शकील अपनी समधन यानी पप्पू की पत्नी को भगा ले गया। समधी शकील 10 बच्चों का पिता है तो समधन 6 बच्चों की मां है। समधी और समधन दोनों घर से फरार हैं।
पीड़ित पप्पू ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शकील उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गया है। शकील पर पत्नी के अपहरण करने की तहरीर दी है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। क्षेत्र में घटना को लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।समधी और समधन में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है।
पत्नी के गायब होने के मामले में पीड़ित पति ने कहा कि मेरी पत्नी को शकील किडनैप करके ले गया है। बेटी का रिश्ता उसके बेटे के साथ होने वाला था। उसका घर पर आना-जाना था। इसी बीच वो बहाने से मेरी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। पत्नी का अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि थाना गंज डुंडवारा का एक मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने 8 जून को सूचना दी कि उसकी पत्नी लापता है। सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके बाद पीड़ित द्वारा 11 जुलाई को पुनः प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसमें गणेशपुर निवासी शकील को आरोपित किया गया कि वही उसकी पत्नी को भगा कर ले गया है। नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।