अध्ययन का दावा : कोवैक्सीन की अपेक्षा कोविशील्ड से ज्यादा बनी एंटीबॉडी
नई दिल्ली।
स्पेशल डेस्क
तहलका 24×7
कोवैक्सीन की तुलना में कोविशील्ड टीके से ज्यादा एंटीबॉडी बनती है, हालांकि दोनों टीके प्रतिरक्षा को मजबूत करने में बेहतर हैं। यह दावा एक अध्ययन में किया गया है। इस अध्ययन में 13 राज्यों के 22 शहरों के 515 स्वास्थ्य कर्मियों को शामिल किया गया।
इनमें 305 पुरुष और 210 महिलाएं थीं। यह अध्ययन अभी प्रकाशित नहीं हुआ है और इसे ‘मेडआरएक्सिव’ पर छपने से पहले पोस्ट किया गया है। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका के कोविशील्ड टीके का निर्माण कर रही है, वहीं हैदराबाद स्थित कंपनी भारत बायोटेक, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) के साथ तालमेल से कोवैक्सीन का निर्माण कर रही है।










