अभिनेता सलमान खान को मारने की योजना बना रहे चार बदमाश गिरफ्तार
मुंबई।
तहलका 24×7
पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि ये चारों बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को मारने की प्लानिंग कर रहे थे। लॉरेंस गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने वाली नवी मुंबई पुलिस के मुताबिक ये लोग पनवेल में सलमान खान की कार पर हमला कर उन्हें AK-47 से छलनी करने वाले थे। बताया जा रहा है कि इसके लिए पाकिस्तानी हथियार सप्लायर से बंदूकें मंगवाने की योजना बनाई जा रही थी।

बताते चलें कि सलमान खान पर बीते दिनों से खतरा मंडरा रहा है। कुछ समय पहले उनके घर के बाहर फायरिंग हुई थी। फायरिंग की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। अब एक बार फिर सलमान खान को मारने की प्लानिंग करने के आरोप में इस गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक ये चारों लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेंबर हैं और इन्हें सलमान खान को AK-47 से उड़ाने का ऑर्डर मिला था। पुलिस को इनके मोबाइल फोन से सबूत के तौर पर कई वीडियो बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार किए चारों आरोपियों की पहचान धनंजय उर्फ अजय कश्यप, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना, गौरव भाटिया उर्फ नहवी और रिजवान खान उर्फ जावेद खान के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने कुल 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।