एक ही परिवार के सात बच्चे नहाने के दौरान डूबे, छह की मौत
रोहतास।
तहलका 24×7
बिहार में हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सात बच्चे सोन qनदी में डूब गए। घटना रोहतास जिले के तुम्बा में घटी जब बच्चे नदी में नहा रहे थे। वहां मौजूद लोगों की मदद से छह बच्चों के शव निकाल लिए गए हैं। एक बच्चा लापता है, जिनकी तलाश जारी है। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

दिल दहलाने वाली घटना के बारे में ग्रामीणों ने बताया कि सभी बच्चे सोन नदी में नहाने गए थे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण सभी डूब गए। सात में से छह बच्चों का शव निकाल दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भिजवा दिया। एक बच्चे की गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है।

नदी में डूबने वाले सभी बच्चे एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि तुंबा के रहने वाले कृष्णा गोंड के चार बच्चे हैं और एक बच्ची उसके बहन का था। वे लोग झारखंड के रांची से दुर्गा पूजा मनाने के लिए आई थी। सभी सोन नदी में नहा रहे थे, तभी अचानक एक बच्चा डूबने लगा। उसको बचाने के लिए सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए।

घटनास्थल पर बीडीओ, सीओ और स्थानीय थाने की पुलिस भी मौजूद है। एसडीआरएफ टीम को भी सूचित किया गया है। फिलहाल स्थानीय गोताखोर लापता बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं। मृतकों में निभा कुमारी (15) निधि कुमारी (12) पवन कुमार (6) अभय कुमार (10) विवेक कुमार (12) टुनटुन गोंड (12) शामिल हैं, जबकि लापता गुनगुन कुमारी (8) की तलाश जारी रही।








