25.1 C
Delhi
Saturday, April 20, 2024

जिसके कत्ल के इल्जाम में काट रहे थे सजा, वह तो नोयडा में ले रही थी मजा

जिसके कत्ल के इल्जाम में काट रहे थे सजा, वह तो नोयडा में ले रही थी मजा

# तो ! फिर कूंए से मिली लाश किसकी थी…? 

# किशोरी व उसके माता-पिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार 

भदोही।
आर एस वर्मा 
तहलका 24×7
                 जिले से हत्याकांड का ऐसा मामला सामने आया जिससे पुलिस भी हैरान है। पुलिस ने जो खुलासा किया उसे जानकर लोगों का दिमाग हिल गया है। करीब 10 महीने पहले जिस किशोरी को मृत दिखाकर दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया था, वह नोएडा में जीवित मिली है। ऐसे में अब सवाल ये उठ रहा है कि फिर कुएं से मिली लाश किसकी थी?
मामले की पेंच सुलझाने में जुटी पुलिस ने फिलहाल जीवित मिली किशोरी के माता-पिता को शिकंजे में लिया है। साक्ष्य छिपाने के आरोप में दोनों पर केस दर्ज हिरासत में लिया है। किशोरी की हत्या और अपहरण के झूठे मामले का पर्दाफाश होने के बाद अब कई सवाल हैं। कुएं में मिली लाश किसकी थी? किसने उसकी हत्या की और मकसद क्या था? जिंदा मिली किशोरी के कपड़े कुएं तक कैसे पहुंचे? पुलिस की जांच में अभी तमाम तथ्य सामने आएंगे। किशोरी किसी घटना का शिकार हुई थी या आरोपियों को फंसाने के लिए उसे कुएं में फेंका गया था। किशोरी के दोनों हाथ और पैर बंधे हुए थे। इससे साफ है कि उसकी हत्या हुई थी। अब नोएडा से किशोरी की बरामदगी ने मामले को एक नया मोड़ दे दिया है।
नोएडा से मिली किशोरी ने पूछताछ में जो बताया वो और भी हैरान करने वाला है। उसने बताया कि वो शुरू से ही अपने माता-पिता के संपर्क में थी। किशोरी ने बताया कि उसके माता-पिता ने उसकी शादी तय की थी। इससे वह खुश नहीं थी। वह परेशान होकर घर से भाग गई थी। एक महिला के संपर्क में आने पर वह नोएडा पहुंच गई।
पुलिस कार्यालय में एसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि 16 मई 2022 को गोपीगंज के सीखापुर निवासी श्याम किशोर पांडेय ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग बेटी शौच के लिए निकली लेकिन लौट कर नहीं आई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। 27 मई 2022 को ऊंज के मोहनपुर के सिवान में कुएं में एक किशोरी का शव मिला। श्याम किशोर पांडेय और उसकी पत्नी ने उसकी शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। विष्णु कहार निवासी कस्तूरीपुर और प्रदीप कुमार निवासी चकमानधाता गोपीगंज के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
कुएं में मिले शव की पहचान में संदेह होने पर डीएनए जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला गोरखपुर नमूने भेजे गए। संदेह के आधार पर पुलिस को गंभीरता से जांच का निर्देश दिया गया। इधर, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने तथाकथित मृत किशोरी को नोएडा से जीवित बरामद कर लिया। एसपी ने बताया कि किशोरी के माता-पिता ने साक्ष्य छिपाते हुए झूठी सूचना लिखाकर आरोपियों के खिलाफ झूठा साक्ष्य दिया। इस कारण आरोपी विष्णु कहार और प्रदीप कुमार को जेल जाना पड़ा। अभी मामले की तफ्तीश जारी है। इस पूरे प्रकरण में पुलिस भी कुछ खुलकर कहने से कतरा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कुएं में मिली लड़की कौन थी, इसकी जांच भी शुरू हो गई है। प्रयागराज सहित आस-पास के जिलों में उस दौरान लापता लड़कियों की सूची मांगी जा रही है।

तहलका संवाद के लिए नीचे क्लिक करे ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓ ↓

लाईव विजिटर्स

37045079
Total Visitors
495
Live visitors
Loading poll ...

Must Read

Tahalka24x7
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम..."सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?

थ्रेसर से उड़ रही धूल को लेकर भिड़े पड़ोसी, आठ पर केस 

थ्रेसर से उड़ रही धूल को लेकर भिड़े पड़ोसी, आठ पर केस  खुटहन, जौनपुर। मुलायम सोनी  तहलका 24x7          ...

More Articles Like This