जेडीयू नेता को सैलून में घुसकर अपराधियों ने सिर में मारी गोली, मौत
सहरसा।
तहलका 24×7
बिहार में अपराधी बेखौफ हो गये। आए-दिन अपराधी किसी भी बड़ी घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। आलम ये है कि आम लोग के साथ-साथ अपराधी अब नेताओं की भी अपना निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला बिहार के सहरसा का है। जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े जेडीयू के प्रखंड अध्यक्ष जवाहर यादव (55) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बनगांव थाना क्षेत्र के बरियाही की है।

घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि मृतक जेडीयू नेता बरियाही स्थित एक सैलून में दाढ़ी बनवाने गए थे। इसी दौरान बेखौफ बाइक सवार अपराधियों ने दो गोली मारी। एक गोली उनके सिर में तो दूसरी गोली उनके कंधे में मारकर बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद आनन फानन में उन्हें निजी अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना बनगांव थाना के बरियाही बाजार की है।

सूचना मिलते ही पुलिस निजी क्लिनिक पहुंचकर तफ्तीश में जुट गई। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि अपराधियों द्वारा दो गोली मारी गई है। मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है और छानबीन में जुटी है।








