ट्रिपल मर्डर केस में बेटा ही निकला हत्यारा
# पुलिस ने किया खुलासा, जमीन के लिए की थी मां-बाप और बहन की हत्या
गाजीपुर।
तहलका 24×7
सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के डीलिया गांव में बीते 27 जुलाई को तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी बेटे अभय यादव उर्फ भुट्टन को चौकिया तिराहा से गिरफ्तार किया।आरोपी अभय यादव बहन और माता-पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार हो गया था। इस हत्याकांड से पूरे जिले में हड़कंप मच गया था।

घटना को लेकर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि अभय ने अपने माता-पिता और बहन की हत्या की बात स्वीकार ली है। अभय ने पूछताछ में बताया कि उसके माता-पिता ने अपनी बची हुई जमीन बहन के नाम कर दी थी, जिससे वह काफी नाराज था।

बहन ने माता-पिता को उसके खिलाफ भड़काया और संपत्ति अपने नाम करवा ली। इसलिए गुस्से में उसने तीनों की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जो हत्या के बाद से फरार चल रहा था।हत्या में शामिल कुल्हाड़ी बरामद कर लिया गया है। साथ ही पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।








