ड्रोन उड़ने की अफवाह पर ग्रामीणों संग पुलिस भी रही हलकान
# गांव में पहरा दे रहे भयभीत ग्रामीणों को क्षेत्राधिकारी ने ड्रोन उड़ाकर समझाते हुए किया संतुष्ट
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
सप्ताहभर से शाहगंज सर्किल के कई गांवों में ड्रोन कैमरा उड़ने की अफवाह पर ग्रामीणों समेत पुलिस के लोग भी हलकान रहे। आलम यह रहा कि लाठी डंडे से लैस ग्रामीण रातभर पहरा देते हुए ड्रोन कैमरे की तलाश में जागते रहे। बहरहाल खोजी प्रवृत्ति के पुलिस उपाधीक्षक अजीत सिंह चौहान ने अथक प्रयास के बाद विभागीय ड्रोन के माध्यय से ग्रामीणों को समझाने में कामयाब हो सके।

बताया जा रहा है कि विगत कई दिनों से क्षेत्र में रात के समय ड्रोन कैमरे के उड़ने की अफवाह से निजामपुर से लेकर पट्टीनरेंद्रपुर समेत कई गांवों के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। अफवाह थी कि चोर ड्रोन कैमरे की मदद से घरों की सुरागकशी कर चोरी की घटना को अंजाम देने में लगे हुए हैं। सुरक्षा के दृष्टिगत ग्रामीण टोली बनाकर लाठी डंडों से लैस होकर कैमरे को पकड़ने के लिए पहरा देने लगे।

आलम यह रहा कि हवाई मार्ग से गुजर रहे जहाज के गुजरने पर भी ग्रामीण उसका पीछा करने का प्रयास करने लगे।शाहगंज कोतवाली समेत खुटहन और सरपतहा थाने की पुलिस भी मामले को लेकर हलकान रही।बहरहाल मामले में तह तक जाने की जिद पाले पुलिस उपाधीक्षक अजीत सिंह चौहान भी मैदान में उतर गए। बुधवार रातभर रतजगा कर श्री सिंह ने विभागीय ड्रोन कैमरे को उड़ाकर ग्रामीणों में फैली दहशत को शांत करने में कामयाब हो सके।

इस बाबत उन्होंने बताया कि ग्रामीण इस तरह के किसी भी अफवाहों के चक्कर में न पड़ें। हवाई मार्ग इस समय व्यस्त होने के कारण आसमान से हवाई जहाजों का आवागमन तेज है।इतनी ऊंचाई तक ड्रोन कैमरे की उड़ान नहीं होती। कहा ड्रोन और एअर ट्रैफिक मूवमेंट में काफी अंतर होता है। रात के समय ड्रोन उड़ाने पर अंधेरा होने से चोरी आदि अपराध की रोकी करना संभव नहीं है।








