दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
# प्रशासन ने परिसर को कराया खाली, पुलिस ने शुरु की सघन जांच
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7. दीवानी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को अफरातफरी मच गई। यह धमकी जिला जज की आधिकारिक वेबसाइट पर ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया, आनन-फानन में जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। सघन तलाशी अभियान चलाया।

न्यायालय परिसर के प्रत्येक कक्ष, बार कक्ष तथा आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु मिलने की कोई पुष्टि नहीं हुई, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर जांच देर तक जारी रही। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल रही हैं, जिससे अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। अधिवक्ताओं ने इसे न्याय व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।








