नदी किनारे खेत में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, फैली सनसनी
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7 जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के आशापुर फेरूपुर गांव स्थित वरुणा नदी किनारे सरसों के खेत में 23 वर्षीय अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के चेहरे को ईंट से कुचला गया था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने सोमवार सुबह खेत के पास स्थित घाट पर शव देखा तो दहशत फैल गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष रामपुर विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। हालात संदिग्ध देख उन्होंने तत्काल क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके की स्थिति से प्रतीत होता है कि घटना स्थल पर एक से अधिक लोग मौजूद रहे होंगे। शव से कुछ दूरी पर एक बाइक बरामद हुई है। बाइक के साइलेंसर पर जूते के निशान पाए गए हैं।

वहीं पास में शराब की बोतलें भी पड़ी मिलीं, जिनमें से एक टूटी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या धारदार हथियार और ईंट से वार कर बेरहमी से की गई।फॉरेंसिक टीम साक्ष्य संकलन में जुटी रही। युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।








