पति को टुकड़ों में ठिकाने लगाया, फिर धीरेंद्र शास्त्री के बागेश्वर धाम में छिप गई पत्नी, पुलिस ने छह महीने बाद दबोचा
कानपुर।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के कानपुर से रिश्तों को शर्मसार करने की खबर सामने आई है, जहां छह महीने पहले हुए एक हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर केस की गुत्थी सुलझा ली है।छह महीने पहले कानपुर के रहने वाले दिनेश अवस्थी का कत्ल उसकी ही पत्नी और भाई ने मिलकर किया था।जिसमें पुलिस ने दिनेश अवस्थी की पत्नी पूनम उर्फ गुड़िया और उसके भाई मनोज अवस्थी को गिरफ्तार कर पूरे केस को सुलझा दिया है।

पूरा मामला कानपुर के खरेसा गांव का है, जहां के रहने वाले दिनेश अवस्थी की अप्रैल में हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद पुलिस द्वारा जांच करने पर पता चला कि दिनेश की हत्या उसकी पत्नी पूमन उर्फ गुड़िया और उसके भाई मनोज अवस्थी ने की है। लेकिन पुलिस को पता चलने से पहले ही दोनों कानपुर से फरार हो गए। दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश दी थी, इसके लिए पुलिस द्वारा दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था।

जानकारी के मुताबिक मनोज अवस्थी पर पहले से ही दो मुकदमे दर्ज हैं, इस साल दर्ज हुआ मुकदमा उसके खिलाफ तीसरा है। इससे पहले 1997 और 2011 में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार दिनेश को उसकी पत्नी और भाई के बीच प्रेम-प्रसंग होने का पता चल गया था। जिसके कारण दोनों ने मिलकर दिनेश अवस्थी को मार डाला।

पुलिसे से मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी हत्या करने के बाद मध्यप्रदेश के बागेश्वर धाम चले गए। इस बीच मृतक की पत्नी ने अपने किसी रिश्तेदार को कॉल करने के लिए जैसे ही अपना फोन ऑन किया, तभी पुलिस ने उसका नंबर ट्रेस कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने बागेश्वर धाम के आश्रम में जाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।








