पूर्वांचल एक्सप्रेसवे: टोल प्लाजा पर एटीएमएस मैनेजर पर लगे गंभीर आरोप
# सीसीटीवी का दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का मामला आया सामने
सुल्तानपुर।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के हलियापुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर एंट्री ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) के मैनेजर आशुतोष विश्वास पर गंभीर आरोप लगे हैं। आशुतोष पर टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों का दुरुपयोग करने, लोगों को ब्लैकमेल करने और अवैध वसूली करने का आरोप है।आरोप है कि मैनेजर आशुतोष विश्वास एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों का नाजायज फायदा उठा रहा है।

आशुतोष आसपास के गांव जरईकला, हलियापुर और गौहनिया की महिलाओं पर नजर रखता है। घर के बाहर शौच आदि के लिए जाने वाली महिलाओं और लड़कियों की गतिविधियों को कैमरे से निगरानी करता है। इसका प्रमाण भी सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है।
मैनेजर आशुतोष विश्वास पर यह भी आरोप है कि यदि कोई नवयुवक या युवती प्रेम-प्रसंग करते हुए कैमरे में दिखते हैं तो वह उनका वीडियो बनाकर मौके पर पहुंच जाता है, इसके बाद वह उन्हें ब्लैकमेल कर पैसे वसूलता है।

अयोध्या जिले के मिल्कीपुर के एक युवक से इसी तरह 10 हजार रुपये की वसूली की गई थी, उसे घर बताने की धमकी दी गई थी। यह मामला दो महीने पहले का है और टोल के सीसीटीवी फुटेज में उपलब्ध है। एक अन्य मामले में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 144 के पास एक ट्रक चालक और महिला के मामले में मैनेजर आशुतोष विश्वास ने गश्ती दल के पुलिसकर्मियों द्वारा पैसे वसूलने का वीडियो बनाया।आरोप है कि मैनेजर ने पुलिस से भी 2,000 रुपये की वसूली की।

यह मामला कई महीने पहले का है और इसकी जांच टोल पर कार्यरत कर्मचारियों से की जा सकती है।बीते 25 अक्टूबर को एक और गंभीर मामला सामने आया। लखनऊ का एक नवविवाहित जोड़ा अपनी कार से पत्नी के साथ आजमगढ़ से लखनऊ जा रहा था। बल्दीराय थाना क्षेत्र में किलोमीटर 93 के पास कार रोक कर युवक अपनी पत्नी के साथ था। मैनेजर आशुतोष ने इसका वीडियो बनाया और मौके पर पहुंचकर वायरल करने की धमकी दी।

सूत्रों के मुताबिक मैनेजर आशुतोष विश्वास ने युवक से 32 हजार रुपये वसूले और बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मैनेजर आशुतोष विश्वास इस तरह से लाखों की वसूली कर रहा है। दुर्घटना किसी गाड़ी से हो और यदि कोई वाहन भाग जाता है तो अच्छी रकम पाने पर गाड़ी नम्बर भी इधर का उधर दे देता है।यूपीडा के जेई प्रभात सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया जा रहा है। काफी गंभीर मामला है, जांच कराकर जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।








