ममेरा भाई ही निकला हत्यारा, ईंट से प्रहार कर की थी हत्या, गिरफ्तार
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7. रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आशापुर में खेत में मिले शव के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आशापुर गांव के एक खेत में एक शव बरामद होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट हुआ कि मृतक की ईंट से वार कर हत्या की गई है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया।
मृतक की पहचान बृजेश यादव पुत्र लालचन्द्र यादव निवासी ग्राम मेहदी थाना सिकरारा के रुप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा घटना के त्वरित अनावरण के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पता चला कि मृतक का अपने सगे मामा के लड़के रोहित यादव पुत्र स्वर्गीय दशरथ यादव निवासी तुलसीचक जनपद भदोही से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।

इसी विवाद में क्षणिक आवेश में आकर रोहित ने बृजेश के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के पिता लालचन्द्र यादव की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं ने बताया कि घटना का त्वरित अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।








