सड़क सुरक्षा अभियान के तहत छात्रों ने की पेंटिंग
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
पिंडरा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल रमईपट्टी में सड़क सुरक्षा पर अयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। जिसमें लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की अपील की।सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग के पुरस्कार वितरण के अवसर पर विद्यालय के स्टेट अवॉर्डी शिक्षक कमलेश पाण्डेय ने छात्रों को बताया कि हर वर्ष 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जाता है।

इसका उद्देश्य लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलने के नियमों के प्रति जागरुक करना है।अधिकतर दुर्घटनाएँ तेज गति, लापरवाही, हेलमेट या सीट बेल्ट न लगाने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। विद्यालय के बाल संसद की शिक्षा मंत्री स्नेहा पटेल कक्षा 8 ने अपने साथियों को सड़क सुरक्षा माह को सफल बनाने हेतु अपने पैरेंट्स से बात करने एवं वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ड्राइव के समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की सलाह देने की अपील की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक क्षितिश कुमार दीक्षित ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें स्वयं भी जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। सुरक्षित यात्रा से ही हम अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक धर्मराज, अंजुम,निर्मला, आरती, जय हिंद, स्नेहा एवं प्रतिमा उपस्थित रही।








