सप्ताह भर बाद कबाड़ में दबा मिला व्यवसाई का शव
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7. सप्ताहभर पूर्व अगलगी की घटना के बाद से से लापता कबाड़ व्यवसाई का शव उसके ही कबाड़खाने में सोमवार को दबा मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजते हुए आवश्यक छानबीन शुरु कर दी है।सोनरा गांव निवासी रामसुभग बरनवाल (68) क्षेत्र में कबाड़ का व्यवसाय करता था। वह अत्यंत निर्धन परिवार से ताल्लुक रखने वाला इकलौता सदस्य था।

पत्नी के निधन के बाद से कई वर्षों से वह अपनी जमीन में मड़हे रुपी घर में रहता था, जबकि उसके दो बेटे प्रदीप और संदीप डीह असरफाबाद बाजार में किसी दुकान पर काम धंधा करके अपनी जीविका चलाते हैं। विगत नौ फरवरी की रात उक्त व्यवसाई के मड़हे में आग लग गई। जिसपर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का काम किया, लेकिन उसी समय से वृद्ध लापता रहा। काफी खोजबीन के बाद पिता के कहीं चले जाने की आशंका पर बेटे भी पुनः डीह असरफाबाद लौट गए।

इसी बीच सप्ताहभर बाद सोमवार को उसी मड़हे के पास से कुछ दूरी कबाड़ और पुआल रखे हिस्से से दुर्गंध आने पर लोगों का जमावड़ा होने पर उसका पैर दिखाई पड़ा।जिस पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजते हुए मामले में आवश्यक छानबीन शुरु कर दी।थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मलबे में दबकर मौत हो जाने का मामला लग रहा है, फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है, खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की कोई तहरीर बेटों द्वारा नहीं दी गई है।








