सरकारी नौकरी लगते ही दहेज की मांग पर दुल्हन ने मंडप में खाया जहर
कानपुर।
तहलका 24×7
कानपुर देहात में एक दुल्हन ने आत्महत्या का प्रयास किया। पीड़िता के परिवार ने बताया कि सरकारी नौकरी लगते ही दूल्हा लाखों के दहेज मांगने लगा। तय समय पर जब बारात नहीं पहुंची तो दुल्हन ने मंडप के नीचे जहर खा लिया। जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को इसकी सूचना दी। फिलहाल दुल्हन की हालत खतरे से बाहर है।

मामले पर पुलिस का कहना है कि तहरीर के हिसाब से ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार का कहना है कि रिश्ता दूल्हे के सरकारी नौकरी लगने से पहले ही तय हो गया था। इसी दौरान उसकी नौकरी लग गई और वो दहेज की मांग करने लगा।

तय समय के अनुसार बारात आनी थी। दुल्हन पक्ष ने पूरी तैयार कर ली, मेहमान भी पहुंच चुके, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग बैंक्वेट हॉल पहुंचकर बारात का इंतजार करने लगे। इंतजार करते-करते रात के 12 बज गए लेकिन बारात नहीं आई। दुल्हन के पिता ने दूल्हे पक्ष को फोन किया तो उन्होंने दहेज की डिमांड कर डाली। जिसकी व्यवस्था कर पाना उनके लिए मुमकिन नहीं था। 

सिकंदरा के भारत दोहरे और सुशीला देवी ने बेटी खुशबू की शादी इटावा के रहने वाले लल्लन के बेटे अमित राज से तय की थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने उसने चार लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल की डिमांड की थी। इससे आहत होकर खुशबू ने मंडप के नीचे जहर खा लिया।

मामले में सीओ संजय वर्मा ने बताया कि लड़की अस्पताल भर्ती थी, इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। पिता का कहना है थाने में आकर तहरीर देंगे। उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूल्हा बारात लेकर नहीं आया इसलिए लड़की ने जहर खाया।








