सरकार ने महापुरुषों को सम्मान और पिछड़ों का हक दिया : ओपी राजभर
# अमरेथुआ और नौली गांव की जन चौपाल में पंचायती राज व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा प्रदेश में गुंडे माफिया भयभीत, कानून का राज स्थापित है
खेतासराय, जौनपुर।
अजीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
क्षेत्र के अमरेथुआ और नौली गांव में सोमवार की दोपहर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने जन चौपाल को संबोधित किया। मंत्री ओम प्रकाश राजभर सबसे पहले क्षेत्र के अमरेथुआ गांव पहुंचे जहां उन्होंने सबसे पहले महाराजा सुहलदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।इसके बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राजभर ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने देश की एकता और अखंडता को कायम रखा और देश की संपत्ति को डूबने से बचाया।

पूर्व की सरकारों, इतिहासकारों ने उनका नाम इतिहास में नहीं लिखा, लेकिन हम प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करते हैं जिन्होंने 22 वर्षों के संघर्ष के बाद हमें यह पहचान दिलाई। महाराजा सुहेलदेव की 40 फीट ऊंची प्रतिमा और पांच एकड़ में पार्क का निर्माण हुआ। अब सैय्यद सलार गाजी का मेला नही, राजा सुहेलदेव की याद में मेला लगेगा उनकी वीरता का सम्मान होगा।श्री राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव सत्ता से 2017 से बाहर हैं और सत्ता पाने के लिए बेहद व्याकुल हैं।

सत्ता के गलियारे में ओमप्रकाश राजभर, संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल और जयंत चौधरी जैसे लोग गेट पर खड़े हैं। वहां नो इंट्री का बोर्ड लगा है। यही वजह है कि अखिलेश बेचैन होकर दिन-रात मेरा नाम जप रहे हैं। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राजभर ने दावा किया कि प्रदेश में योगी सरकार के कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ। जब सपा की सरकार थी तब 800 दंगे हुए थे। चार बार की सपा सरकार में 1300 लोगों की जान गई। आज अपराधी और माफिया कानून के डर से भाग रहे हैं।प्रदेश में पूर्ण रूप से कानून का राज कायम है। छुटपुट घटनाओं पर भी पुलिस 24 घंटे में कार्रवाई कर के मामले का खुलासा कर रही है।

इटावा की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा, किसी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। पहले दिन की घटना की हम निंदा करते हैं। दूसरे दिन आरोपी के पास से दो आधार कार्ड बरामद हुआ, जो कानूनन गलत है। तीसरे दिन पुलिस पर पथराव और रास्ता जाम करना भी कानून का उल्लंघन है। अहीर रेजिमेंट का बैनर लगाकर उपद्रव किया गया, इसकी कड़ी निंदा करते हैं। इसके बाद मंत्री क्षेत्र के नौली गांव में ज्ञानचंद्र राजभर के आवास के सामने सभा को संबोधित किया। यहां कहा राजभर समाज से शिक्षा ग्रहण करने पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन आ सकता है।

महिलाओं को तीस प्रतिशत आरक्षण की कवायद चल रही है। राजभर समाज अपनी शिक्षित बहू-बेटियों को राजनीति में लाएं, जिससे वो खुद सदन में अपने अधिकार की लड़ाई लड़ सकें। उन्होंने यहां भी दोहराया कि वर्तमान सरकार पिछड़े को दलितों को वाजिब हक देने का काम कर रही है। उन्होंने सरकार द्वारा जाति जनगणना का निर्णय लेने का स्वागत किया। इससे पिछड़ों की वास्तविक आबादी पता चलेगी। उन्होने यहां भी कहा कि पूर्व की सरकार हमारे महापुरुषों का नाम मिटाना चाहती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें सम्मान दिया।

कार्यक्रम में शिव दवर राजभर, डॉ.उदयभान राजभर, लखन्दर राजभर, दीपक राजभर, लाल बहादुर राजभर, सूरज राजभर, पन्नालाल, रामप्रीत राजभर, संतलाल राजभर, डा. लालमणि राजभर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। बूंदा बांदी के बीच कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।








