सारण में चुनाव के बाद बवाल, गोलीबारी में एक की मौत, 2 दिनों के लिए इंटरनेट सेवा बंद
छपरा।
तहलका 24×7
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान के बाद सारण में हिंसक झड़प हुई। पक्षों में बवाल बढ़ने के बाद गोलीबारी भी हुई। घटना में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। फिलहाल आरोपी बीजेपी नेता को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को वोटिंग खत्म होने के बाद ही विवाद शुरू हो गया था। मामला छपरा के भिखारी ठाकुर चौक का है।

मृत युवक की पहचान चंदन यादव के रुप में हुई, जबकि गोलीबारी में दो अन्य व्यक्ति मनोज यादव और गुड्डू यादव बुरी तरह से घायल हैं। परिजनों का आरोप है कि लड़का अपने काम से जा रहा था, तभी गोलीबारी की घटना हुई और उसे गोली मार दी गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना पाकर मढ़ौरा के आरजेडी विधायक जितेंद्र राय भी छपरा सदर अस्पताल पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा घटना बेहद ही निंदनीय है। हमलोग बहुत दुखी हैं।

युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा। छपरा सदर अस्पताल के बाद लोगों ने बीजेपी नेता रमाकांत सोलंकी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप है कि बीजेपी नेताओं के भड़काने के कारण ही विवाद बढ़ा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई है।
डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। एसपी गौरव मंगला ने जानकारी देते हुए कहा कि कल बीजेपी और आरजेडी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। उसी को लेकर आज सुबह गोलीबारी हुई। तीन लोगों को गोली लगी है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जांच के बाद जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बताते हैं कि सोमवार को मतदान के दौरान शाम के वक्त आरजेडी उम्मीदवार रोहिणी आचार्य भिखारी ठाकुर चौक स्थित मतदान केंद्र संख्या 118 पर पहुंची थीं। जहां लोगों से उनकी बहस हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोहिणी वहां मतदाताओं के साथ गलत बर्ताव कर रहीं थीं। हालांकि मौके को भांकर रोहिणी वहां से निकल गईं। उसके बाद दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया।








