13वीं पुण्यतिथि पर याद किए गए समाजवादी चिंतक जनेश्वर मिश्र
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. जनेश्वर मिश्र की 13वीं पुण्यतिथि मनाई गई। जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव ने उनके चित्रपर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि
समाजवादी राजनीति की चर्चा हो तो जनेश्वर मिश्र का नाम लिए बिना यह चर्चा पूरी नहीं होती।

सपा संरक्षक स्व. मुलायम सिंह यादव रहे हों या सपा मुखिया अखिलेश यादव, समाजवाद पर बोलते हुए दोनों ही जनेश्वर मिश्र का नाम जरूरी तौर पर लेते हैं। कहा कि 5 अगस्त 1933 को बलिया के शुभ नाथहि गांव में पैदा हुए जनेश्वर मिश्रा समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया के बड़े अनुयायियों में गिने जाते हैं। छात्र जीवन में ही उनके ऊपर लोहिया के विचारों का प्रभाव पड़ गया था। समाजवादी युवजन सभा जॉइन करने के बाद मिश्रा पहली बार राम मनोहर लोहिया के संपर्क में आए। मिश्रा ने राम मनोहर लोहिया के साथ लंबे समय तक काम किया था।

इस दौरान उन्होंने लोहिया के विचारों और उनके काम करने के तरीकों को ऐसे अपना लिया था, जैसे वह उनकी परछाईं हों। यही कारण था कि एक बार इलाहाबाद में आयोजित जनसभा में समाजवादी नेता छुन्नू ने कहा था कि जनेश्वर मिश्र के अंदर राम मनोहर लोहिया के सारे गुण हैं और इसलिए वे एक तरह से ‘छोटे लोहिया’ हैं। इसके बाद से ही जनेश्वर मिश्र का नाम छोटे लोहिया मशहूर हो गयें। वे जीवन पर्यंत गरीब कमजोर की आवाज उठाते रहें और आज उन्हीं के दिखाए रास्ते पर समाजवादी पार्टी भी चल रही हैं। इस दौरान मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष श्याम बहादुर पाल, प्रवक्ता राहुल त्रिपाठी, शकील अहमद समेत तमाम सपाजन उपस्थित रहे।