ट्रैक्टर की चपेट में आने से छात्रा की मौत, चालक फरार
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7. कोतवाली क्षेत्र के नटौली गांव में शनिवार को सड़क हादसे में एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। ईंट लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से 10 वर्षीय बालिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार नटौली गांव निवासी समेश राजभर की पुत्री आकांक्षा (10) प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी।

शनिवार को वह ननिहाल जाने के कारण विद्यालय नहीं गई, जो घर के समीप सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ईंट लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि बालिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों और परिजनों के पहुंचने तक आरोपी चालक भाग चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुट गई है। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा। गांव में भी शोक की लहर है।








