यूजीसी नेट उत्तीर्ण करने पर वंशिता अग्रहरि का सम्मान
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7. फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज, तालीमाबाद सबरहद में दिसंबर 2025 में आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा (शिक्षाशास्त्र) उत्तीर्ण करने वाली छात्रा वंशिता अग्रहरि को महाविद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तबरेज आलम ने वंशिता अग्रहरि को बुके, पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वंशिता ने देश की कठिन परीक्षाओं में से एक यूजीसी नेट उत्तीर्ण कर न केवल महाविद्यालय बल्कि क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। प्राचार्य ने कहा कि वंशिता की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर परिश्रम और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।सम्मान समारोह के दौरान वंशिता अग्रहरि ने कहा कि यदि मनोयोग, लगन और मेहनत के साथ अध्ययन किया जाए तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती।

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विशेष रुप से अपने मार्गदर्शक डॉ. पीयूष श्रीवास्तव को दिया, जिनके सतत मार्गदर्शन से उन्हें यह सफलता प्राप्त हुई। साथ ही उन्होंने प्राचार्य डॉ. तबरेज आलम एवं समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. निजामुद्दीन, डॉ. पीयूष श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश यादव, गीता देवी, डॉ. अमित दयानाथ गुप्ता, डॉ. शिव प्रसाद यादव, डॉ. अनामिका पांडेय, डॉ. राकेश सिंह, डॉ. पूजा रानी, रियाज अहमद, डॉ. रविंद्र कुमार यादव, कहकशा खान, ओम प्रकाश चौरसिया, डॉ. भास्कर तिवारी, डॉ. रामचंद्र मौर्य सहित शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।








