सजने के लिए ब्युटी पार्लर गई दुल्हन की बहन और सहेलियों के सामने गोली मारकर हत्या
झांसी।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के झांसी में बारात आने से चंद घंटे पहले तैयार होने के लिए ब्युटी पार्लर गई दुल्हन को युवक ने गोली मार दी। झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई। घटना की खबर घर पहुंचते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल पर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।

मध्य प्रदेश के दतिया जिले के सोनागिरि थाना क्षेत्र में बरगांव निवासी काजल (22) की शादी झांसी में राज नाम के युवक के शादी तय हुई थी। निशा गार्डन में शादी समारोह चल रहा था और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। बारात आने से पहले दुल्हन तैयार होने के लिए नजदीक के एक ब्यूटी पॉलर्र गई थी, उसके साथ उसकी बहन नेहा और अन्य सहेलियां भी थीं।

काजल तैयार हो रही थी, इसी दौरान मुंह पर रुमाल बांधकर एक लड़का पहुंचा और कहने लगा कि काजल बाहर आओ, तुमने हमें धोखा दिया। यह सुनकर दुल्हन ने बाहर आने से मना कर दिया, जिसपर उसने पार्लर में घुसकर दुल्हन को गोली मार दी। गोली की आवाज से वहां चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेसं को दी गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गोली मारने वाला दुल्हन का आशिक बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।घटना को लेकर दुल्हन की बहन नेहा ने बताया कि दीदी तैयार हो रही थी। आरोपी आया और बोलने लगा कि तुम मेरे साथ चलो। दीदी ने मना कर दिया तो उसने कांच तोड़कर सीधे गोली मार दी। दुल्हन की बहन के मुताबिक गोली मारने वाला दीपक उसके गांव का ही है।

उसने कहा आरोपी ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा था और पीठ पर एक बैग भी था। वो बोल रहा था ‘काजल तुम मेरे साथ चलो, तुमने हमें धोखा क्यों दिया? हत्या की वारदात को लेकर ब्यूटी पार्लर संचालिका का कहना है कि युवती यहां दुल्हन बनने आई थी और उसका ब्राइडल मेकअप अंतिम चरण में था, तभी एक लड़का मुंह पर कपड़ा बांधकर आया और युवती को बाहर आने के लिए कहा, जब वो बाहर नहीं निकली ता ओरोपी ने पार्लर का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर आकर गोली मार दी।

घटना को लेकर झांसी के एसएसपी राजेश ने बताया कि दुल्हन को गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गोली लगने से दुल्हन की मौत हो गई है। आरोपी लड़का पहले से लड़की से परिचित था। जिस लड़के ने गोली मारी है उसे पकड़ने के लिए दो टीमें गठित कर दी गई हैं।








