ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार भाई की मौत, बहन गंभीर
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
रामनगर बाजार के पास प्रयागराज-शाहगंज राजमार्ग पर बुधवार को ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पीछे बैठी उसकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आजमगढ़ जिले के पवई थानान्तर्गत मिल्कीपुर गांव निवासी अवधेश कुमार यादव (28) का ननिहाल इमामपुर गांव के राजकुमार यादव के यहां है। वह मंगलवार को अपनी छोटी बहन प्रीती के साथ ननिहाल आया था। दूसरे दिन बुधवार को बहन के साथ बाइक से प्रयागराज जा रहा था। दोनों वहीं से सिविल सेवा की तैयारी कर रहे थे।

उक्त बाजार के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने चपेट में ले लिया। भाई सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। जिसमें उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं छोटी बहन गम्भीर रूप से घायल हो गई। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने अवधेश को मृत घोषित कर दिया। प्रीती को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के मामा राजकुमार यादव की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया गया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुटी हुई है।








