आप नेता लक्की ओबेरॉय की सरेआम हत्या
# गुरुद्वारे के बाहर बदमाशों ने मारीं पांच गोलियां, इलाके में दहशत
जालंधर।
तहलका 24×7
पंजाब के जालंधर जिले में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई।घटना मॉडल टाउन क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां अज्ञात बदमाशों ने लक्की ओबेरॉय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उनके शरीर में पांच गोलियां लगने की बात सामने आई है। गोली लगने के बाद लक्की ओबेरॉय को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया गया, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरु कर दी, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश, राजनीतिक कारण और आपराधिक एंगल समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा भी पुलिस द्वारा किया गया है। लक्की ओबेरॉय आम आदमी पार्टी के सक्रिय नेता थे और कैंट विधानसभा क्षेत्र की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे। उनकी पत्नी ने भी आम आदमी पार्टी के टिकट पर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी हड़कंप मच गया है।








