एडीओ आरडी ने उच्च अधिकारियों पर लगाया शोषण का आरोप,होली न मनाने का लिया संकल्प
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
ग्राम विकास अधिकारी एसोशिएशन की कार्यकारिणी बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्पन्न हुई।बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष डॉ. फूलचंद कन्नौजिया एवं संचालन जिला मंत्री रामकृष्ण पाल ने किया।बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों के कथित शोषण और उत्पीड़न के विरोध में इस वर्ष होली का पावन पर्व न मनाने का महत्वपूर्ण और भावनात्मक निर्णय लिया गया।

अध्यक्ष डॉ. कन्नौजिया ने बताया कि सभी एडीओ (आरडी) का तृतीय एसीपी मनमाने ढंग से लंबित रखा जाना,मेडिक्लेम बिलों पर बिना कारण रोक, स्थायीकरण न किया जाना,वेतन एरियर न दिया जाने तथा अन्य प्रशासनिक मामलों में अनावश्यक विलंब जैसी समस्याओं के कारण संगठन को यह कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ा है।उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ एसआईआर कार्य, डुप्लिकेट मतदाता फीडिंग सहित विभागीय और गैर-विभागीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अपने वैधानिक भुगतान व अधिकारों के लिए लंबे समय से गणेश परिक्रमा करनी पड़ रही है।

संगठन के सदस्यों ने पीड़ा और आक्रोश व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से होली का त्योहार न मनाने का संकल्प लिया। बैठक में जनपद के सभी विकास खंडों के एडीओ (आरडी) एवं पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। अंत में संगठन ने उच्चाधिकारियों से शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हुआ तो आगे आन्दोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।







