एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की फैक्ट्री में भीषण धमाका, 17 लोगों की मौत
नागपुर।
तहलका 24×7
महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कटोल शहर में रविवार को एक फैक्ट्री में धमाका होने से 17 लोगों की मौत हो गई,जबकि 18 लोग घायल हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव का काम कर रही हैं।उन्होंने बताया कि यह धमाका कटोल तहसील के राउलगांव में माइनिंग और इंडस्ट्रियल विस्फोटक बनाने वाली एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की फैक्ट्री में हुआ।

पुलिस ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद घायलों को नागपुर के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। धमाका इतना भीषण था कि जिस बिल्डिंग में हुआ, उसका सारा सामान और मलबा 500 से 700 मीटर दूर जा गिरा। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं हैं। राज्य मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भी धमाके की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को तुरंत मदद देने के निर्देश दिए। सभी घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और इलाके को सील कर दिया गया है। किसी को भी वहां जाने की इजाजत नहीं है।

जिला कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। धमाके के बाद मौके पर भीषण आग लग गई,करीब 4 घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आग पर भी काबू पा लिया गया और इसी वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन भी तेज कर दिया गया है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताया।उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि यह बेहद दुखद घटना है।एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर हैं।

17 लोगों की जान चली गई है। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं। इस घटना में 18 लोग घायल हुए हैं।जिन्हें नागपुर शिफ्ट कर दिया गया है।घटना की पूरी जांच के आदेश दे दिए गए हैं।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की कि राज्य सरकार नागपुर फैक्ट्री में हुए धमाके में मारे गए लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी।इसके अलावा संबंधित कंपनी भी उनके परिवारों को आर्थिक मदद देगी।







