गैस पाइप लाइन में आग से दो झुलसे,बड़ा हादसा टला
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
शहर के चाचकपुर मोहल्ले में बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गैस पाइप लाइन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।हादसे में दो लोग आंशिक रूप से झुलस गए,जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।घटना फूल मंडी के आगे पुलिस चौकी सिपाह थाना कोतवाली क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार खुदाई कार्य के दौरान एक जेसीबी की टक्कर से अडानी टोटल गैस के सर्विस रेगुलेटर बोर्ड को नुकसान पहुंचा, जिससे गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रिसाव रोकने के प्रयास के दौरान अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में स्थित बांस की कोठ तक पहुंच गईं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन चैकियां से अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने फायर एक्सटिंग्युशर, बुलेट और बाल्टियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद कंपनी के कर्मचारियों ने गैस लीकेज को पूरी तरह बंद किया।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइप लाइन के आसपास सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया,जिससे यह घटना हुई।हालांकि,अधिकारियों ने मामले की जांच की बात कही है।समयरहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया,अन्यथा घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण भारी जनहानि हो सकती थी।








