जौनपुर : विश्व कैंसर दिवस पर जेसीआई शाहगंज सिटी ने आयोजित की जागरूकता गोष्ठी
# स्त्री रोग विशेषज्ञ ने स्तन और गर्भाशय के कैंसर पर दी जानकारी
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
शाहगंज कस्बे की प्रमुख सामाजिक संस्था जेसीआई शाहगंज सिटी ने विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कैंसर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया। सूर्या हॉस्पिटल में आयोजित गोष्ठी में मौजूद 50 से ज्यादा महिलाओं को मशहूर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रुचि मिश्रा ने स्तन कैंसर और गर्भाशय के कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उससे बचने के लिए जरूरी हिदायत भी दी। गोष्ठी को सर्जन डॉ सुधाकर मिश्रा ने भी संबोधित किया।

अध्यक्ष जेसी आशीष जायसवाल ने बताया कि जेसीआई आस्था के अनुसार मानवता की सेवा जीवन का सर्वोत्तम कार्य है। इसी के तहत संस्था ने विश्व कैंसर दिवस को कैंसर जागरूकता के लक्ष्य के साथ मनाया और सूर्या हॉस्पिटल में जागरूकता गोष्ठी आयोजित की। मशहूर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रुचि मिश्रा ने कहा कि कैंसर वर्तमान समय में महामारी का रूप ले रहा है इसलिए इससे सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने विशेष तौर पर महिलाओं को स्तन और गर्भाशय के कैंसर से सचेत रहने की सलाह दी। उन्होंने महिलाओं को इसके लक्षण बताए और स्वयं नियमित अंतराल पर अपना परीक्षण घर पर ही करते रहने का तरीका भी बताया। उन्होंने कहा कि अगर गांठ या स्त्राव जैसी शिकायत मिले तो बिना किसी देर के योग्य चिकित्सक से मिलें और समुचित उपचार कराएं। उन्होंने महिलाओं को स्तरहीन सौंदर्य उत्पादों से बचने की सलाह दी ताकि त्वचा कैंसर जैसी बीमारी से बचा जा सके।


















