ट्रेन से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, नहीं हो सकी शिनाख्त
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के भुड़कुड़हा रेलवे फाटक के पास बुधवार की सुबह दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार भुड़कुड़हा रेलवे फाटक के समीप कि.मी. संख्या 845/42-41 पर एक व्यक्ति ट्रेन से गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

रेलवे प्वाइंट मैन विजय कुमार ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और मौके पर मौजूद लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष आंकी गई है।

वह साधारण कपड़ों में था और उसके पास से कोई ऐसा पहचान पत्र या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला मर्चरी हाउस जौनपुर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त का प्रयास जारी है। साथ ही अन्य थानों व रेलवे अधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है ताकि मृतक की पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।








