तुलसी उद्यान का युद्धस्तर पर जीर्णोद्धार, अध्यक्ष प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
डाक बंगला स्थित तुलसी उद्यान का नगर पालिका परिषद की ओर से युद्धस्तर पर जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष रचना सिंह के निर्देश पर उद्यान को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर आमजन के लिए आकर्षक और उपयोगी बनाया जा रहा है।बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह ‘बंटी’ ने मौके पर पहुंचकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया तथा कार्य की गति पर संतोष जताया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदार को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरुप एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि उद्यान में साफ-सफाई, हरियाली, सुगम पाथवे, बैठने की समुचित व्यवस्था और बेहतर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सुबह-शाम टहलने के लिए आने वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को सुविधा मिल सके।

कहा नगर पालिका का उद्देश्य तुलसी उद्यान को नगरवासियों के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुकूनभरा स्थल के रुप में विकसित करना है। जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद यह उद्यान नगर की पहचान के रुप में स्थापित होगा। इस दौरान अरशद अंसारी, बेचन सिंह, अवधेश कुमार, सभासद गणेश चौहान, जेई संतोष कुमार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि व कर्मचारी मौजूद रहे।








