नहर में गिरी कार, 3 की मौत, एक गंभीर
कानपुर देहात।
तहलका 24×7
रसूलाबाद थाना क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। घटना के दौरान कार में चार लोग सवार थे। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने शीशा तोड़ कर कार सवारों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए अस्तपाल भर्ती कराया। इस दौरान एक कि मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गोंडा के रहने वाले टेंट कारोबारी राकेश श्रीवास्तव (54) बेटे अभिषेक (26) व भाई राधेश (42) के साथ कानपुर देहात के रसूलाबाद आए थे। यहां अकोदिया में उनके रिश्तेदार दिलीप श्रीवास्तव रहते हैं। जिनके बेटे का शुक्रवार को मुंडन संस्कार का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से अपने घर वापस लौट रहे थे। ड्राइवर करिया उर्फ मुन्नू गाड़ी चला रहा था।

दोपहर करीब 3 बजे गांव से निकलकर हरि नेवादा के पास पहुंचे ही थे, तभी ड्राइवर कार को कंट्रोल नहीं कर पाया और कार सीधे सड़क किनारे से उछलकर रामगंगा नहर में जा गिरी। कार नहर में गिरते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद लोगों ने शीशा तोड़कर एक-एक कर चारों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों को रसूलाबाद सीएससी भेजा। जहां डॉक्टर शैलेंद्र ने राजेश व उनके भाई राजेश और चालक मुन्नू को मृत घोषित कर दिया। जबकि राकेश के बेटे अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडे ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। साथ ही सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच की जा रही है।








