नहीं बर्दाश्त हुई प्रसव पीड़ा तो चाकू से पेट फाड़कर निकाल दिया बच्चा
बहराइच।
तहलका 24×7. जनपद से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। प्रसव पीड़ा का दर्द सहन न कर पाने पर महिला ने अपना पेट चाकू से फाड़ कर नवजात बेटी को बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में महिला व नवजात को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने गंभीर हालत देख मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।

बौंडी थाना क्षेत्र के नंदवल गांव की रहने वाली ननकई (34) के पति बड़कऊ की करीब 6 माह पहले मृत्यु हो चुकी है। गर्भवती ननकई को आज अचानक प्रसव पीड़ा शुरु हो गई। दर्द बर्दाश्त ना होने पर ननकई ने चाकू से अपना पेट फाड़ लिया और नवजात बेटी को बाहर निकाल लिया। जैसे ही इसकी सूचना ग्रामीणों को लगी, फौरन ननकई को एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने महिला व बच्चे को भर्ती कर इलाज शुरु किया।

डॉक्टर राजेश सोनकर व डॉक्टर शिवम मिश्रा ने बताया कि महिला ने किसी धारदार हथियार से पेट फाड़ लिया था। जिसे फखरपुर सीएचसी से बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। यहां भी इलाज के बाद जब हालत में सुधार नहीं दिखा तो महिला को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।नवजात स्वस्थ है जिसे महिला विंग के एसएनसीयू वार्ड में रखा गया है। वहीं महिला द्वारा किया गया यह कार्य लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।








