न्यायालय और पुलिस लाइन को उड़ाने की धमकी देने का आरोपी आजमगढ़ से गिरफ्तार
# प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज आशिक विशाल रंजन की खतरनाक करतूत
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
वीपीएन का पेड वर्जन इस्तेमाल कर अलग-अलग ई-मेल आईडी बनाकर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दो मेमोरी कार्ड, चार सिम कार्ड और 21092 रुपये नगद बरामद हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक 17 फरवरी को जिला न्यायाधीश के सरकारी ई-मेल आईडी पर अलग-अलग नामों से कई धमकी भरे ई-मेल भेजे गए। मेल में कुछ मोबाइल नंबर अंकित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पर लाखों रुपये की मांग की गई थी और रकम न देने पर न्यायालय परिसर व पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मामले में थाना लाइन बाजार में मुकदमा दर्ज कर जांच एटीएस को सौंपी गई। एटीएस की जांच में सामने आया कि धमकी भरे ई-मेल वीपीएन और प्रॉक्सी मेल के जरिए भेजे गए थे।

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर टीम आजमगढ़ पहुंची और किराए के मकान से आरोपी विशाल रंजन पुत्र हीरा लाल निवासी बसखूपुर थाना निजामाबाद जनपद आजमगढ़ को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ। जांच में करीब 50 फर्जी ई-मेल आईडी और लगभग 20 फर्जी फेसबुक आईडी संचालित करने की जानकारी मिली।सोशल मीडिया से महिलाओं की तस्वीरें डाउनलोड कर आपत्तिजनक कंटेंट तैयार करने की बात भी सामने आई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जिस युवती से वह प्रेम करता था, उसकी शादी जौनपुर के एक युवक से तय हो गई थी। इसी रंजिश में उसने पहले उस युवक और पंचायत में शामिल लोगों के नाम से फर्जी आईडी बनाईं और फिर उनके मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते हुए धमकी भरे ई-मेल भेजे, ताकि पुलिस कार्रवाई में उन्हें फंसाया जा सके।पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को आजमगढ़ के हड़वा बाबा कॉलोनी स्थित किराए के कमरे से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी रही।








