पत्नी से विवाद के बाद पति ने चार बच्चों संग खाया जहर
# पिता समेत दो बच्चों की हुई दर्दनाक मौत
मिर्जापुर।
तहलका 24×7
जिले में मंगलवार दोपहर को हुई खौफनाक वारदात से लोग सहम गए। पति पत्नी के विवाद में बच्चों को जान गंवानी पड़ी। विवाद के बाद पति ने भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चों को खिला दिया। इसके बाद खुद भी खा लिया। इसमें पिता और दो बच्चों की मौत हो गई है।चुनार में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने भोजन के लिए बच्चों को साथ बैठाया। इसके बाद भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाकर चार बच्चों को खिला दिया। सभी की हालत बिगड़ने लगी तो पत्नी पड़ोसियों की मदद से आनन-फानन में पांचों को इलाज के लिए चुनार प्राथमिक स्वास्थ केंद्र ले जाया गया।

जहां डॉक्टर ने पांचों को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने दो बच्चों और उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। दो बच्चों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। कांशीराम आवास के ब्लॉक नंबर छह निवासी राजेश कुमार (35) पुत्र बिहारी राजगीर था। ग्रामीणों की मानें तो वह अधिक शराब का सेवन करता था। शराब पीने के कारण उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार दोपहर पत्नी गीता किसी काम से बाहर गई थी।इस दौरान राजेश कुमार ने दाल-चावल में जहरीला पदार्थ मिलाकर बच्चों को खिला दिया और खुद भी खा लिया।थोड़ी देर बाद बच्चों समेत राजेश की हालत बिगड़ने लगी।









