प्रेमी संग मिलकर पति को ग्राइंडर से काटा, मासूम ने बताई खौफनाक सच्चाई
संभल।
तहलका 24×7
जिले के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में सात दिन पहले पाॅलीथीन में मिले मानव अंगों की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली। मामले में प्रेम प्रसंग पकड़े जाने पर पत्नी और उसके प्रेमी का खौफनाक कृत्य सामने आया। वहीं मृतक की मासूम बेटी ने भी अपनी मां की करतूत की पोल खोली है। फिलहाल पुलिस ने पत्नी और दो अन्य को गिरफ्तार कर पूछताछ करती रही।

कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार तोमर के मुताबिक 15 दिसंबर को पतरोआ रोड स्थित ईदगाह के बाहर एक पॉलीथिन में मानव अंग पड़े मिले थे। जिसमें कटे हाथ-पैर और मांस के लोथड़े थे। एक हाथ पर ‘राहुल’ गुदा हुआ था। जिसके आधार पर शिनाख्त करने की कोशिश शुरु की गई, लेकिन कई दिन तक सफलता नहीं मिली। इसी दौरान चुन्नी निवासी राहुल की गुमशुदगी की जानकारी संज्ञान में आई।

जांच की गई तो चुन्नी निवासी राहुल की हत्या की बात सामने आई।कोतवाली प्रभारी के अनुसार प्राथमिक जांच में राहुल की पत्नी रूबी की भूमिका संदिग्ध मिली, इसी आधार पर हिरासत में लेकर कई चक्र पूछताछ की गई तो विरोधाभासी बयान से खौफनाक कहानी खुल गई। इसके बाद दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि वारदात वाली रात राहुल ने अपनी पत्नी रूबी को उसके प्रेमी गौरव के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था।

राहुल ने सुबह यह बात परिजनों के सामने रखने की चेतावनी दी, इसके बाद आरोपियों ने राहुल की मौत की स्क्रिप्ट लिख दी।आरोपियों के प्राथमिक बयानों से पता चला कि हत्या घर के भीतर ही की गई, शव को ग्राइंडर से काट कर कई टुकड़े करके पाॅलीथीन में भरकर अलग अलग जगह फेंक दिए गए। राहुल के शव के कई अंग अभी नहीं मिले हैं, मृतक जूते का कारोबार करता था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। बेटी के बयान से भी कई तथ्यों की पुष्टि हुई।







