मां-पिता और पत्नी की हत्या कर हड़प लिया बीमा क्लेम के करोड़ों रुपए
संभल/हापुड़।
तहलका 24×7
विशाल सिंघल नाम के 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति के खतरनाक मंसूबों से संभल पुलिस ने पर्दा उठा ही दिया। पुलिस के अनुसार 50 करोड़ से अधिक की बीमा राशि हड़पने के लिए शख्स ने पत्नी, माता-पिता की हत्या कर दी। इसके बाद इन हत्याओं को हादसा दिखाकर करोड़ों का क्लेम ले लिया। हापुड़ पुलिस ने इस मामले के मास्टर माइंड समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।दावा है कि इस गैंग ने देश का सबसे बड़ा बीमा फ्रॉड किया है। 12 राज्यों में इनका नेटवर्क फैला है।

संभल की एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने बताया कि विशाल की चौथी पत्नी श्रेया ने दो महीने पहले पुलिस से संपर्क कर बताया था कि उनका पति कोई आम इंसान नहीं बल्कि सीरियल किलर है। उसे आशंका है कि उसकी भी हत्या की जा सकती है। पत्नी ने बताया था कि विशाल ने साल 2017 में मां की, फिर तीसरी पत्नी एकता की, इसके बाद साल 2024 में पिता की हत्या कर उन्हें हादसा दिखाकर करोड़ों रुपये का बीमा क्लेम हासिल कर लिया। इसके बाद पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।

एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला कि विशाल ने साल 2017 में मेरठ के गंगानहर की रहने वाली अपनी मां प्रभा देवी की हत्या कर दी। इसके बाद इसे हादसा दिखाकर 25 लाख रुपये का बीमा क्लेम ले लिया। इसके बाद साल 2022 में उसने तीसरी पत्नी एकता सिंघल की भी हत्या कर दी। बीमा क्लेम हड़पने के लिए फिर यही पैटर्न अपनाया। इसके बाद बीमा कंपनी से उसे 80 लाख रुपये मिल गए।फिर साल 2024 में विशाल ने अपने पिता मुकेश चंद्र सिंघल की भी हत्या कर उसे हादसा दिखाया।

मुकेश के नाम पर साल 2018 से 2023 तक 64 बीमा पॉलिसियां कराई गईं थीं। इनकी कीमत 50 करोड़ रुपये से ज्यादा थी। एकता की हत्या के बाद उसे श्रेया से शादी कर ली थी। एएसपी ने बताया कि विशाल का परिवार साधारण आय वाला था। उसके पिता मुकेश की फोटो स्टूडियो और फोटो स्टेट की दुकान थी।जबकि विशाल बेरोजगार था। इसके बावजूद इतनी बीमा पॉलिसियों के प्रीमियम का भुगतान वह कैसे कर रहा था? इस दिशा में छानबीन शुरु हुई तो उसका सच सामने आ गया।

पिता की मौत के कुछ ही दिनों बाद ही विशाल ने चार लग्जरी वाहन खरीदे थे। इसके अलावा एक बुलेट ली थी। इसके बाद एक कंपनी की कार छोड़कर बाकी सब बेच डाली थी।एएसपी ने बताया कि गिरोह पहले बीमा कराता, प्रीमियम जमा करता और फिर हत्या कर उसे हादसा दिखाता था। इसके बाद मोटी रकम का क्लेम पास करा लेता था। मर चुके लोगों के नाम पर फर्जी दस्तावेज भी बनाए जाते थे।यह न केवल धोखाधड़ी है, बल्कि इंसानियत के नाम पर सबसे बड़ा कलंक है। वहीं पुलिस का दावा है कि यह अब तक का भारत का सबसे बड़ा बीमा घोटाला है।

विशाल अब तक चार शादियां कर चुका है।पुलिस को अंदेशा है कि वह रिश्तों के जरिए करोड़ों की अवैध कमाई का खेल खेल रहा था। संभल पुलिस ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट हापुड़ पुलिस को भेज दी है। अब यह जांच अन्य जिलों और राज्यों तक फैल गई है। पुलिस का मानना है कि विशाल अकेला नहीं है, बल्कि वह एक बड़े बीमा माफिया नेटवर्क का हिस्सा है। विशाल ने एक पत्नी की हत्या की, चौथी पत्नी श्रेया मौजूद है, बाकी पहले की 2 पत्नियों के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बीमा माफियाओं पर जनवरी से संभल में कार्रवाई शुरु की गई थी। अब तक की जांच में खुलासा हुआ कि यह गैंग 12 राज्यों में सक्रिय है। 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि हड़पी जा चुकी है। पुलिस अब तक 50 से ज्यादा आरोपियों को जेल भेज चुकी है और कई जिलों में नए केस दर्ज हो चुके हैं। संभल में ऐसे 4 मामले सामने आए थे।जिनमें लोगों की हत्या कर उसे हादसा दिखाकर क्लेम ले लिया गया था। इसी मामले की जांच में मेरठ का विशाल सिंघल का केस भी सामने आया।

एसपी के अनुसार विशाल ने पुलिस को मां प्रभा देवी के साथ हापुड़ के गढ़ इलाके में हादसा होने की जानकारी दी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद इसी जिले के पिलखुवा इलाके में पिता मुकेश सिंघल के साथ हादसा होने की जानकारी दी थी। बताया था कि गंगा स्नान कर पिता लौट रहे थे, इस दौरान हादसा हो गया।इसके बाद इंश्योरेंस कंपनी में बीमा क्लेम के लिए दावा कर दिया था।बीमा कंपनी के प्रतिनिधि संजय कुमार ने बताया कि क्लेम के लिए किए गए दावे में काफी विसंगतिया थीं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज चोटें सामान्य सड़क हादसे के अनुरुप नहीं थीं।इसके बाद हापुड़ पुलिस से इसकी शिकायत की गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरु की। हापुड़ पुलिस ने विशाल सिंघल और उसके साथी सतीश को गिरफ्तार कर लिया। खुलासा करते हुए एएसपी विनीत भटनागर ने बताया था कि जांच में कई बिंदु संदिग्ध मिले। जांच के बाद पूरे साक्ष्यों के साथ दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। संभल पुलिस ने इस गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई शुरु कर दी है। गिरोह की अकूत संपत्ति का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। इसके बाद इन्हें जब्त किया जाएगा। वहीं, ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) भी मैदान में उतर चुका है।लखनऊ में केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।