मिट्टी का टीला ढहने से कई दबे, तीन महिलाओं के शव बरामद, अन्य की तलाश जारी
सोनभद्र।
तहलका 24×7
जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरवानी गांव के जंगल में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। मिट्टी की खोदाई करते समय ढीहा (मिट्टी का टीला) ढहने से कई लोग उसमें दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य करते हुए मलबे में दबे लोगों को निकलने का प्रयास शुरु किया। सुबह साढ़े 11 बजे तक तीन महिलाओं के शव बरामद हुए। अन्य की तलाश जारी है।

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग सफेद मिट्टी का इस्तेमाल करते हैं। यही मिट्टी लाने के लिए कुछ बच्चे और महिलाएं किरवानी गांव के जंगल में गए थे। मिट्टी खोदते हुए वह लोग सुरंग बनाकर टीले के काफी नीचे चले गए। इसी दौरान अचानक टीला ढह गया। अंदर खोदाई कर रही महिलाएं मलबे में दब गईं। साथ गए लोगों की चीखपुकार पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरु किया।

जेसीबी की मदद से काफी प्रयास के बाद मलबे से तीन लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें म्योरपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने सभी को घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सदिकुनिशा (35) निवासी बडहोर थाना बभनी, अनीसा खातून (35) निवासी किरवानी, सीता (30) निवासी किरवानी के रुप में हुई। बचाव कार्य जारी है। एक अन्य महिला फूलकुमारी गंभीर रुप से जख्मी है।








