मेडिकल स्टोर संचालक की हादसे में मौत से पसरा मातम
# सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के छतौरा गांव में हुई दुर्घटना
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7. अस्पताल रोड पर मेडिकल स्टोर के संचालक व सधनपुर गांव निवासी राम प्रताप प्रजापति का गुरुवार देर रात मल्हनी बाजार के पास छतौरा गांव में बाइक की टक्कर से घटनास्थल पर मौत हो गई। वह घर से एक बारात में शामिल होने गए थे। मौके पर पहुंची सराय ख्वाजा थाने की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया।

55 वर्षीय मेडिकल स्टोर संचालक गुरुवार की शाम दुकान बंद कर एक बारात में शामिल होने छतौरा गांव गये थे। जहां जनवासे के पास सड़क की पटरी पर खड़े थे। तभी पीछे से आया एक बाइक सवार उन्हें टक्कर मार दिया। बाइक सवार भी अनियंत्रित होकर पलट गया। लोगों को मौके की तरफ आते देख वह बाइक छोड़कर फरार हो गया। उधर राम प्रताप सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोटें आने से वे बेहोश हो गए।

तेज रक्तस्राव के चलते मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की चार संतानों में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। विवाह के बाद पुत्रियां अपनी ससुराल चली गईं। पति के मौत की मनहूस खबर से पत्नी सुमित्रा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।वहीं दोनों पुत्रों दीपचंद और गुलाब चंद व पुत्र वधुओं के करुण क्रंदन से गांव में शोक पसर गया। मृतक के बड़े पुत्र दीपचंद ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ तहरीर दिया है।








