शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, अधेड़ की मौत
लखनऊ।
तहलका 24×7
गोमती नगर क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। गोली लगने से घायल 50 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई।पुलिस के अनुसार बीती रात लगभग 1:30 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि विराटखण्ड-1 स्थित एक विवाह समारोह में फायरिंग के दौरान एक व्यक्ति को गोली लग गई है।

घायल को तत्काल मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान सुनील यादव (50) निवासी चांदगंज, थाना अलीगंज के रुप में हुई। वह अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विराटखण्ड-1 में शामिल होने आए थे। समारोह के दौरान कथित रुप से हर्ष फायरिंग की गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रुप से घायल हो गए।

जांच में सामने आया है कि समारोह में शामिल शाश्वत सिंह नामक व्यक्ति द्वारा हर्ष फायरिंग की गई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पूर्वी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है। फिलहाल शादी जैसे खुशनुमा आयोजन में लापरवाही भरी हर्ष फायरिंग एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। पुलिस ने ऐसे आयोजनों में हथियारों के प्रयोग से बचने की अपील की है।








