सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह पर केस दर्ज
# प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद
चंदौली।
तहलका 24×7
जिले के सैयदराजा थाने में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू समेत चार नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सैयदराजा कस्बे में 26 जनवरी को प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद यह कार्रवाई की गई है।एसपी आदित्य लांघे ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस मामले में मनोज सिंह डब्लू, डीजे संचालक शुभम गुप्ता, दीपक, आशीष समेत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा गैर परंपरागत तरीके से तेज आवाज में डीजे बजाते हुए ले जाने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने कानून व्यवस्था तोड़ने का प्रयास किया, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मामले में पूर्व विधायक मनोज सिंह का आरोप है कि घटना वाले दिन पुलिस की तरफ से जानबूझकर डीजे और प्रतिमा तय रुट से नहीं जाने दिया गया, घंटों रास्ता रोका गया। उनका आरोप है कि यह सब एक जनप्रतिनिधि के इशारे पर किया गया, क्योंकि उस पूजा समिति के लोगों की ओर से मनोज सिंह डब्लू को बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि जनहित की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। बताते हैं, मामला 26 जनवरी की देर रात प्रतिमा विसर्जन का जूलूस निकाला जा रहा था।

आरोप है कि विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर पुलिस और पूर्व विधायक के समर्थकों के बीच नोकझोंक हो गई। इसके बाद देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान पुलिस अधिकारी और पूर्व विधायक के बीच हई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामला और अधिक सुखियों में आ गया। हालांकि देर रात ही प्रतिमा का विसर्जन शांतिपूर्वक करा दिया गया। पुलिस ने अगले ही दिन पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सैय्यदराजा थाने में मुकदमा दर्जकर जांच शुरु कर दी।








