1.32 क्विंटल गांजा के साथ दो गिरफ्तार
# पुलिस का दावा, बरामद गांजे का बाजार मूल्य 35 लाख रुपए
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
क्षेत्र के सौरइया गांव से पुलिस ने मंगलवार की देर रात बाइक सवार दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1.32 क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे का बाजार मूल्य 35 लाख रुपए से अधिक है। आवश्यक लिखापढ़ी के बाद दोनों आरोपितों का चलान न्यायालय भेज दिया गया। बरामद बाइक के पंजीयन का कागज न दिखाने पर बाइक को सीज कर दिया गया।

थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि हमराहियों संग आधी रात को उक्त मार्ग पर संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे, तभी खुटहन की तरफ से एक बाइक पर प्लास्टिक की बोरी लादकर आते दो युवक दिखे। पुलिस टीम को देखकर वे बाइक पीछे मोड़ने लगे। शक होने पर पुलिस के जवानों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। बोरी की तलाशी ली गई तो उसमें गांजा भरा था। दोनों को हिरासत में ले लिया गया।

जब उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई तो बताया कि पांच बोरी गांजा वह अपने घर के सामने टीन शेड में रखे भूसा में छुपाकर रखा है।मौके पर पहुंची पुलिस ने भूसे में रखा बोरियों में गांजा बरामद कर लिया। उनके पास से 15 सौ रुपए और चार एंड्रॉयड फोन भी बरामद किया गया।गिरफ्तार तस्कर इसी थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी पिंटू निषाद और प्रमोद निषाद हैं। पिंटू निषाद दुष्कर्म पक्सो का आरोपित है। उसके खिलाफ चार वर्ष पूर्व खुटहन थाने में ही मुकदमा दर्ज है।








