80 लाख की हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
जफराबाद पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध नशीले पाउडर (हेरोइन) की तस्करी में शामिल तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में की गई। जफराबाद पुलिस व एसओजी टीम वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से आ रहे तीन युवकों को रोका गया।

तलाशी में उनके पास से 400 ग्राम हेरोइन, डिजिटल तराजू, सात मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश यादव (23) व सिकंदर यादव उर्फ गुड्डू (26) निवासी बड़हरा, नंदगंज, गाजीपुर, आकाश चौहान (22) निवासी नंदगांव हुसैनाबाद थाना लाइन बाजार के रुप में हुई।

पुलिस की पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे गाजीपुर से हेरोइन खरीदकर जौनपुर लाते और अधिक दाम पर बेचकर फायदा कमाते थे। पुलिस के अनुसार इनकी सप्लाई चेन में जौनपुर के कुछ खास लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।








