अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, तीन की मौत, चौथा गंभीर
मिर्जापुर।
तहलका 24×7
लालगंज थाना क्षेत्र के पतुलकी गांव के पास फ्लाईओवर ब्रिज के सामने तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। एक घायल को मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान लालगंज बस्ती खजुरी निवासी सलमान (20) पुत्र इम्तियाज, जावेद (19) पुत्र करीम और विजय (18) स्वर्गीय संतलाल के रुप में हुई। चौथा युवक साहिल (22) पुत्र आजाद गंभीर रुप से घायल है। उसे बेहतर इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा गया है। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर लालगंज की ओर जा रहे थे। पतुलकी गांव के पास उनकी बाइक फ्लाईओवर के सपोर्ट रोड पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में परिजनों की चीख-पुकार सुनाई दी।थानाध्यक्ष संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों की उपस्थिति में शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।








